भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र में रविवार शाम ट्रैफिक पुलिस और रेलवे कर्मचारियों के बीच बस रोकने को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि बीच सड़क पर ही झूमाझटकी और मारपीट की नौबत आ गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी दो रेलकर्मियों को थप्पड़-घूंसे मारते और कॉलर पकड़कर खींचते हुए ले जाते दिखाई दे रहे हैं। हंगामे के कारण करीब 30 से 35 मिनट तक सड़क पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार, कोलार स्थित डी मार्ट के सामने रविवार शाम ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगी हुई थी। यहां ट्रैफिक आरक्षक सरजीत यादव तैनात थे। शाम करीब 6:30 बजे उन्होंने एक बस को रोक लिया। बस रुकते ही उसमें सवार कुछ लोग नीचे उतर आए और बस रोकने का कारण पूछने लगे। उन्होंने खुद को रेलवे कर्मचारी बताया।
बस रोकने के कारण पूछने पर बढ़ा विवाद, सड़क पर ही शुरू हो गई झूमाझटकी
ट्रैफिक आरक्षक ने बताया कि शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहता है। साथ ही बस पर लगे बैनर की वजह से उसकी नंबर प्लेट साफ दिखाई नहीं दे रही थी, इसलिए बस को रोका गया था। लेकिन बस में सवार कुछ रेलकर्मी इस बात से नाराज हो गए और पुलिसकर्मी से बहस करने लगे।
बहस के दौरान माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान रेलकर्मी भी ट्रैफिक आरक्षक की कॉलर पकड़ते हुए दिखाई दिए। स्थिति बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने दो रेलकर्मियों को पकड़ लिया और उन्हें सड़क पर ही थप्पड़-घूंसे मारते हुए ले जाने लगे। पूरे घटनाक्रम के दौरान मौके पर भारी हंगामा होता रहा, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया।
फिलहाल इस मामले को लेकर पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आने का इंतजार है।







