मध्यप्रदेश के मंदसौर शहर में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब शहर कोतवाली पुलिस ने कर्मचारी कॉलोनी में संचालित हो रहे नकली घी बनाने के अवैध कारखाने का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 40 लीटर नकली घी, नकली शहद, गैस टंकी, चूल्हा, भट्टियां और अन्य उपकरण जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार, अभिनंदन नगर क्षेत्र स्थित कर्मचारी कॉलोनी के पीछे एक अस्थायी डेरे में लंबे समय से अवैध रूप से नकली घी तैयार किया जा रहा था। स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शुक्रवार रात शहर कोतवाली थाने की टीम को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद एसआई संदीप मौर्य के नेतृत्व में दबिश दी गई।
छापे के दौरान पुलिस ने डेरे में भट्टियां जलती हुई पाईं और घी तैयार करने की प्रक्रिया जारी थी। मौके से नानु, बंशी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तैयार नकली घी के डिब्बे, नकली शहद के कंटेनर, गैस सिलेंडर, चूल्हा, मोबाइल फोन और एक बाइक भी जब्त की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कम लागत में मिलावटी सामग्री से घी तैयार कर उसे असली ब्रांड के नाम पर बेचने की फिराक में थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसका वितरण किन-किन क्षेत्रों में किया जा रहा था।
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मिलावट से जुड़े प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।







