छिंदवाड़ा जिले के चौरई नगर में चमन घाटी स्थित साड़ी महल में बीती रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आधी रात के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान को निशाना बनाते हुए न केवल नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि वर्षों पुरानी खानदानी तिजोरी भी उठा ले गए।
साड़ी महल के संचालक आशीष उर्फ पिंटू जैन ने बताया कि उनका निवास दुकान के ठीक ऊपर स्थित है। रात करीब 1:39 बजे से 3 बजे के बीच तीन संदिग्ध युवक दुकान के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में नजर आए। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक चोर दुकान के भीतर घुसा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह जब दुकान खोली गई तो ताले टूटे हुए थे और भीतर से करीब 30 हजार रुपये नकद तथा पुरानी खानदानी तिजोरी गायब मिली। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुवार सुबह थाना चौरई में पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि चोरी की पूरी घटना कैमरे में कैद हो चुकी है। पीड़ित द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।







