ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक ही परिवार के लोग सवार थे। इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थाटीपुर क्षेत्र निवासी यह परिवार शीतला माता मंदिर में दर्शन कर लौट रहा था। जैसे ही उनका ऑटो परशुराम चौराहे के पास पहुंचा, करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो उछलकर बिजली के खंभे से जा टकराया और उसके परखच्चे उड़ गए। सभी यात्री ऑटो में ही फंस गए, जिन्हें पुलिस ने मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में इंद्रजीत उर्फ पप्पू शाक्य (55), लीला शाक्य (51), शुभम शाक्य (30), प्रीति कश्यप (45) और शगुन शाक्य (50) शामिल हैं। वहीं आरव, प्रीति शाक्य, प्रियांशु और सोनू गंभीर रूप से घायल हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, आरोपी चालक हिरासत में
हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने स्कॉर्पियो (एमपी 21 जेडई 5911) को जब्त कर लिया है और चालक अमन शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना के पीछे और कौन-कौन से कारण जिम्मेदार थे।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की चेतावनी देता है।







