इंदौर की टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कर ने शराब कारोबारी और क्रिकेट टीम मालिक सूरज रजक पर अपनी 300 करोड़ की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। रेमन ने बताया कि उन्होंने और उनके परिवार ने जमीन किराए पर देने से साफ इंकार किया, लेकिन इसके बावजूद सूरज रजक उनकी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
रेमन ने 3 अप्रैल की रात इंदौर में FIR दर्ज कराई और दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा, “मुंबई में ऐसा कुछ नहीं देखा, जैसा इंदौर में देखा। यह मेरे लिए पूरी तरह से सरप्राइजिंग था।”
देवास नाके की 6.84 एकड़ जमीन पर विवाद
रेमन कक्कर ने बताया कि देवास नाके पर उनकी कुल 6.84 एकड़ जमीन है, जिसमें से सवा एकड़ जमीन इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) को विकास के लिए दी गई है। सूरज रजक ने उनके हसबैंड और भाई से 6 हजार स्क्वॉयर फीट जमीन शराब की दुकान के लिए मांगी थी, जिसे उन्होंने मना कर दिया।
इसके बाद सूरज रजक रेमन की मां से मिलने आए और जमीन किराए पर देने की फिर से मांग की, लेकिन उनका इंकार करने पर भी विवाद बढ़ गया। रेमन कक्कर ने स्पष्ट किया कि यह जमीन उनके परिवार के नाम पर है और किसी को भी बिना अनुमति इसका उपयोग करने का अधिकार नहीं है।







