जिला अस्पताल से प्रसूति के बाद खुशियों के साथ घर लौट रहा एक परिवार गुरुवार को अचानक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। भोपाल बायपास चौराहे के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी कार को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पलट गई और उसमें सवार चार महिलाएं व एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। पल भर में जश्न का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
हादसे के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि सूचना देने के बावजूद 108 एंबुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। घायल सड़क पर तड़पते रहे। इसी दौरान अपनी फैक्टरी से घर लौट रहे उद्योगपति एवं कांग्रेस नेता मनोज राजानी वहां से गुजरे। हालात की गंभीरता समझते हुए उन्होंने बिना देर किए अपनी निजी गाड़ी से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है और उपचार जारी है।
परिजनों ने बताया कि वे जिला अस्पताल से डिलीवरी के बाद अपनी बेटी को उसके ससुराल भोरासा ले जा रहे थे। तभी भोपाल बायपास चौराहे के पास पीछे से आए एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में घायल हुए गोवर्धन देवड़ा, उनकी पत्नी मीरा बाई देवड़ा, पुत्र गौरव देवड़ा, बेटी कीर्ति (पति योगेश देवड़ा) तथा तारा बाई (पति हरिशंकर देवड़ा)। सभी घायल मक्सी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मौके की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, तेज रफ्तार वाहनों और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







