इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 23 वर्षीय छात्रा प्रीति मीणा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 30 मार्च की बताई जा रही है। श्रद्धाश्री कॉलोनी में रहने वाली प्रीति मूल रूप से गुना जिले के चाचौड़ा क्षेत्र की निवासी थी और इंदौर में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
घटना के बाद कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। पुलिस के अनुसार, नोट में प्रीति ने अपने प्रेमी सरनाम मीणा पर मानसिक प्रताड़ना और धोखे के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट और परिजनों के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रीति और सरनाम मीणा के बीच पिछले 6 वर्षों से प्रेम संबंध थे। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और अक्सर सरनाम इंदौर आकर उससे मिलता था। लेकिन जब प्रीति ने शादी की बात उठाई, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया।
सुसाइड नोट के अनुसार, 29 मार्च को दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर तीखा विवाद हुआ। आरोप है कि सरनाम ने न केवल शादी से इंकार किया बल्कि अपमानजनक बातें भी कहीं और यहां तक कह दिया कि वह आत्महत्या कर ले।
इस घटना के बाद आहत प्रीति ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। उसे तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की भूमिका को लेकर सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।







