नर्मदापुरम में दुर्लभ वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देहात थाना क्षेत्र के सतवासा इलाके में पुलिस ने रेड सैंड बोआ यानी दोमुंहे सांप की तस्करी करते हुए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओमप्रकाश गौर हरदा जिले के सिराली क्षेत्र का निवासी है, जो इस दुर्लभ प्रजाति के सांप को एक डिब्बे में रखकर बेचने की फिराक में घूम रहा था।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया और उसे देहात थाने ले आई। इसके बाद वन विभाग की टीम को बुलाकर सांप की पहचान और उससे जुड़े कानूनी तथ्यों की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि रेड सैंड बोआ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत संरक्षित प्रजाति है, जिसकी खरीद-फरोख्त पूरी तरह प्रतिबंधित है।
अब पुलिस और वन विभाग मिलकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि आरोपी ने इस सांप को कहां से पकड़ा, किसे बेचने वाला था और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वन्यजीव तस्करी के इस खुलासे ने इलाके में सनसनी फैला दी है।







