उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र से नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के मुताबिक, पांच लड़कों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में एक बालिग आरोपी और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य नाबालिग आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय लड़की 26 सितंबर को अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने दो दिन बाद, यानी 28 सितंबर को उसके अपहरण की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज कराई। करीब चार दिन बाद 30 सितंबर को नाबालिग खुद घर वापस लौटी और परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया था। इसके बाद पांच लड़कों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन नाबालिग को लेकर चिमनगंज थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने पीड़िता द्वारा बताए गए एक नाबालिग आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में उसके द्वारा घटना में शामिल होने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार, मामले में कुल चार नाबालिग आरोपी हैं, जिनकी उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई गई है, जबकि एक आरोपी बालिग है।
जीवाजीगंज थाना पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। वहीं 19 वर्षीय आरोपी लक्की पिता जुगल किशोर, निवासी महावीरनगर को भी गिरफ्तार किया गया। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया।
फिलहाल तीन अन्य नाबालिग आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सीएसपी पुष्पा प्रजापति के मुताबिक, फरार आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस के प्रयास जारी हैं।
इस पूरे मामले में पुलिस पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




