इंदौर में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दौरा कई अहम कार्यक्रमों के साथ चर्चा में रहा। शहर पहुंचते ही उन्होंने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया, जिसे प्रदेश के बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके बाद मुख्यमंत्री ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।
‘संकल्प से समाधान’ कार्यक्रम में कुर्सी विवाद, वरिष्ठ नेता नाराज होकर लौटे
दशहरा मैदान में आयोजित ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के दौरान एक अप्रत्याशित घटनाक्रम सामने आया। भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन को मंच पर बैठने के लिए कुर्सी नहीं मिलने से वे नाराज हो गए और कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर चले गए। जानकारी के मुताबिक, बैठने की व्यवस्था को लेकर एमआईसी सदस्य बबलू शर्मा से हुई बातचीत के दौरान कुछ कहासुनी हुई, जिससे सत्तन आहत हो गए। हालांकि, बबलू शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि सत्तन जी के लिए आगे कुर्सी निर्धारित थी, लेकिन उस पर नाम की पर्ची नहीं लगी थी, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।







