मध्य प्रदेश के देवास के भवानी सागर क्षेत्र में गुरुवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 19 वर्षीय शुभम उर्फ लड्डू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि शुभम अपने दोस्त का विवाद सुलझाने गया था, लेकिन हमलावरों ने उसे ही निशाना बना लिया।
परिजनों के अनुसार, रात करीब 1 बजे शुभम का दोस्त गौतम घर आया और बताया कि कुछ लोग उसे रोककर झगड़ा कर रहे हैं। दोस्त की मदद के लिए शुभम तुरंत उसके साथ निकल गया। मौके पर पहुंचते ही आरोपियों ने दोनों पर हमला कर दिया। शुभम को सीने में गोली मारी गई, जो करीब 10 सेंटीमीटर अंदर तक घुस गई और उसके लिवर व फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा। घायल हालत में उसने अपनी मां को फोन कर कहा “मैं गली में पड़ा हूं।” मां मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना में गौतम के पैर में भी गोली लगी है, जिसका इलाज इंदौर के अस्पताल में चल रहा है। हमले के दौरान आरोपियों ने गोली मारने के बाद भी शुभम के साथ बेरहमी से मारपीट जारी रखी।
मामले में पुलिस ने रितिक सिहोते, वरुण बाली, तुषार सिहोते, मट्टू सिहोते, राहुल शूटर, विपिन बाली सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इंदौर और अन्य संभावित ठिकानों पर रवाना किया गया है।
वहीं, मृतक की मां माया योगी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनके बेटे को इंसाफ मिलना चाहिए।







