इंदौर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या लोग अब सैर-सपाटे के नाम पर अपनी जान से खिलवाड़ करने लगे हैं? खूबसूरत पहाड़ियों और झरनों के लिए मशहूर तींछाफाल में घूमने गए इंदौर के दो युवकों की खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सुमित और अशोक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह घटना देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक तींछाफाल घूमने पहुंचे थे और वहां शराब पार्टी कर रहे थे। उसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरी खाई में जा गिरे। सुमित इंदौर के राजीव आवास विहार का रहने वाला था और वाटर प्लांट पर काम करता था, जबकि अशोक आलू-प्याज का व्यापार करता था।
घटना की सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। खाई काफी गहरी होने की वजह से शव निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर लोग बार-बार ऐसी खतरनाक जगहों पर रात के अंधेरे में शराब पार्टी करने क्यों पहुंच जाते हैं? क्या रोमांच के नाम पर यह सीधी-सीधी लापरवाही नहीं है?
हर साल ऐसे पर्यटन स्थलों पर हादसे होते हैं, लोग गिरते हैं, जान गंवाते हैं, लेकिन सबक कोई नहीं लेता। लगता है कुछ लोगों को तब तक समझ नहीं आता जब तक मौज-मस्ती सीधे मौत की खाई में न धकेल दे।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और शवों को बाहर निकालने की कोशिश जारी है। लेकिन सवाल वही है आखिर ऐसी घटनाओं के बाद भी लोग कब संभलेंगे?







