शनिवार देर रात मध्यप्रदेश के डिंडोरी नगर में मां काली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक अफवाह ने अचानक माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। बस स्टैंड से निकला विसर्जन जुलूस जब अस्पताल कॉलोनी क्षेत्र के पास पहुंचा, तो सड़क पर चार से पांच फूटे हुए अंडे पाए गए। इस घटना की खबर फैलते ही लोगों में आक्रोश बढ़ गया और देखते ही देखते भीड़ उग्र होने लगी। कुछ लोग मस्जिद मोहल्ले की ओर बढ़ने लगे, जिससे स्थिति और अधिक संवेदनशील हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को किया तितर-बितर
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसडीएम राम बाबू देवांगन और एसडीओपी सतीश द्विवेदी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और भीड़ को आगे बढ़ने से रोका। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और स्थिति पर नियंत्रण पाया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की, जिससे किसी बड़ी घटना को टाला जा सका।







