इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां मजदूरी करने आई 35 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने पति के साथ काम की तलाश में इंदौर आई थी। रहने की व्यवस्था पति के एक दोस्त अमन ने एमआर-10 स्थित अपने ससुराल में करवाई थी।
आरोप है कि इसी दौरान विकास नामक युवक ने महिला का भरोसा जीतकर उसे अकेले में निशाना बनाया और जबरदस्ती दुष्कर्म किया। महिला के मुताबिक, यह घटना एक बार तक सीमित नहीं रही, बल्कि आरोपी ने लगातार उसे धमकियों के सहारे शोषण का शिकार बनाया।
धमकियों से दहशत में दंपति, गांव लौटने के बाद भी जारी रहा उत्पीड़न
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे बदनाम करने की धमकी दी, जिससे वह डर के कारण चुप रही। जब उसने अपने पति को पूरी बात बताई, तो आरोपी ने उसे भी जान से मरवाने की धमकी दी। भय के चलते दंपति 22 अगस्त 2025 को काम छोड़कर अपने गांव लौट गया।
हालांकि, गांव पहुंचने के बाद भी आरोपी का उत्पीड़न नहीं रुका। पीड़िता के अनुसार, आरोपी व्हाट्सएप कॉल के जरिए लगातार संपर्क कर धमकाता रहा और मिलने का दबाव बनाता रहा। अंततः दंपति हिम्मत जुटाकर एक दिन पहले इंदौर लौटे और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
बाणगंगा पुलिस ने मामले में दुष्कर्म, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







