इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में रिश्तों के नाम पर भरोसा तोड़ने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में एक लॉ स्टूडेंट ने शहर के एक वकील पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी लोकेश सिंह भदौरिया के मुताबिक पीड़िता मूल रूप से सेंधवा की रहने वाली है और फिलहाल इंदौर के मूसाखेड़ी इलाके में रहकर कानून की पढ़ाई कर रही है। करीब तीन साल पहले एक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात परवेज पिता अजीज कुरैशी से हुई थी। परिचय दोस्ती में बदला और फिर आरोपी ने शादी का वादा कर युवती का विश्वास जीत लिया।
पीड़िता का आरोप है कि इसी भरोसे के आधार पर आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। समय बीतने के साथ जब युवती ने विवाह की बात को आगे बढ़ाने का दबाव बनाया तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा हुआ महसूस कर पीड़िता ने आज़ाद नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और उसे हिरासत में ले लिया। रविवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में भरोसे और कानूनी जिम्मेदारियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







