बाइक अड़ाई, चाकू दिखाया और बैग लेकर भागे… भोपाल में दिनदहाड़े 55 लाख की लूट से दहशत
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में अब अपराधी इतने बेखौफ हो चुके हैं कि उन्हें न पुलिस का डर है और न ही कानून का खौफ। स्मार्ट सिटी का तमगा लिए घूमता भोपाल, अब बदमाशों के लिए खुला मैदान बनता जा रहा है। श्यामला हिल्स इलाके की स्मार्ट सिटी रोड पर दिनदहाड़े ऐसी वारदात हुई जिसने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। प्रॉपर्टी ब्रोकर स्कूटी से जा रहा था, उसके बैग में करीब 55 लाख रुपये नकद रखे थे।
तभी अचानक बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में उसकी स्कूटी के सामने अपनी बाइकें अड़ा दीं। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, बदमाशों ने चाकू निकाल लिया। चाकू की नोंक पर उसे धमकाया गया और रुपये से भरा बैग छीन लिया गया। सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया। बदमाश बैग लेकर ऐसे फरार हुए जैसे उन्हें पता हो कि पकड़ने वाला कोई नहीं है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजधानी की वीआईपी कही जाने वाली सड़कों पर अगर इस तरह खुलेआम 55 लाख रुपये लूट लिए जाएं, तो फिर आम आदमी की सुरक्षा का क्या होगा? स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों खर्च हो रहे हैं, लेकिन अपराधियों की स्मार्ट प्लानिंग के सामने व्यवस्था पूरी तरह फेल नजर आ रही है।
अब पुलिस सीसीटीवी खंगालने और बदमाशों की तलाश की बात कर रही है। लेकिन सवाल वही है क्या अपराध होने के बाद सिर्फ जांच ही होती रहेगी, या फिर कभी अपराध होने से पहले भी सुरक्षा दिखेगी? फिलहाल भोपाल की सड़कों पर एक बार फिर यह संदेश साफ है अगर बदमाश ठान लें, तो कानून बस खबरों में ही नजर आता है।







