मध्य प्रदेश के शिक्षकों और शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक और स्वैच्छिक स्थानांतरण की नई गाइडलाइन जारी कर दी है। अब तबादला प्रक्रिया 8 जून से शुरू होकर 15 जुलाई 2026 तक चलेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और पहले प्रशासनिक, फिर स्वैच्छिक तबादले किए जाएंगे।
विभागीय आदेश के मुताबिक प्रशासनिक स्थानांतरण प्रस्तावों का पंजीयन 8 जून से शुरू होगा। अंतर्जिला स्थानांतरण के लिए शिक्षक 8 से 15 जून तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि जिला, संभाग और राज्य कैडर के कर्मचारियों के लिए 8 से 17 जून तक ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
नई नीति के तहत पहले प्रशासनिक आवश्यकता के आधार पर तबादले किए जाएंगे। इसके बाद रिक्त पदों की उपलब्धता को देखते हुए स्वैच्छिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने यह भी साफ कर दिया है कि आगामी वर्षों के लिए अलग से तबादला नीति जारी नहीं की जाएगी। ऐसे में हजारों शिक्षकों और कर्मचारियों की नजर अब इस ऑनलाइन प्रक्रिया पर टिकी हुई है।







