महंगाई से जूझ रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 29 रुपए की बढ़ोतरी कर दी गई है। नई कीमतें आज रात 12 बजे से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में अब 14.2 किलो वाला घरेलू गैस सिलेंडर 913 रुपए की जगह 942 रुपए में मिलेगा।
गौर करने वाली बात यह है कि पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बड़ी बढ़ोतरी है। इससे पहले मार्च में गैस सिलेंडर 60 रुपए महंगा हुआ था। यानी सिर्फ तीन महीने में घरेलू सिलेंडर की कीमत 89 रुपए बढ़ चुकी है, जिससे सीधे तौर पर लाखों परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित होगा।
तेल कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा की बढ़ती कीमतों और घरेलू बिक्री में हो रहे नुकसान के कारण यह फैसला लेना पड़ा। वहीं पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भी हाल के दिनों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर आम आदमी इस बढ़ती महंगाई का बोझ कब तक उठाता रहेगा? फिलहाल गैस सिलेंडर की नई कीमतों ने रसोई का खर्च और बढ़ा दिया है।







