मध्य प्रदेश के गुना जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय गिरीश मीणा के रूप में हुई है, जो तुलसीखेड़ी गांव का निवासी था।
बताया जा रहा है कि गिरीश अपने दोस्त कृष्णगोपाल मीणा के साथ कार से अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। देर रात जब वह युवती से मिलने पहुंचा, तभी महिला के ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे देख लिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने गिरीश को पकड़ लिया और 4-5 लोगों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। हमले के दौरान गिरीश का दोस्त कृष्णगोपाल मौके से भागने में सफल रहा, जिससे उसकी जान बच गई। वहीं गंभीर रूप से घायल गिरीश ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला ऑनर किलिंग से जुड़ा माना जा रहा है।







