भोपाल में सोमवार को महिला आरक्षण संशोधन बिल पारित न होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने जन आक्रोश महिला पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, मंत्री, सांसद और बीजेपी महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह पदयात्रा एमवीएम कॉलेज ग्राउंड से शुरू होकर लोक भवन होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक पहुंची। यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री ने काले गुब्बारे उड़ाकर विरोध दर्ज कराया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं के अधिकारों को लेकर नारों और भाषणों से माहौल गरमाया रहा।
पदयात्रा के बाद आयोजित सभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल गिरने पर कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने खुशी मनाई, जो महिलाओं के अधिकारों का अपमान है।
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है और इस मुद्दे को गंभीरता से उठाएगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार इस विषय पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर निंदा प्रस्ताव पारित करेगी, ताकि महिलाओं के अधिकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट की जा सके।







