इंदौर लोकायुक्त की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और सख्त कार्रवाई करते हुए धार जिले में जल संसाधन विभाग के अमीन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह ट्रैप कार्रवाई की गई।
आरोपी अमीन राज दिनकर ने पट्टा स्वीकृत कराने के बदले 30 हजार रुपए की मांग की थी, जबकि आवेदक दयाराम पटेल रिश्वत नहीं देना चाहता था। उसने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय से की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर आरोपी को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते समय धर दबोचा।
पट्टा स्वीकृति के नाम पर वसूली, लोकायुक्त टीम की सतर्कता से खुला मामला
घटना धार के प्रकाश नगर क्षेत्र की है, जहां अवकाश के दिन आरोपी ने आवेदक को रिश्वत राशि देने के लिए बुलाया था। जैसे ही आरोपी ने अपने दाहिने हाथ में 10 हजार रुपए लिए, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।







