मध्य प्रदेश में नए LPG कनेक्शन के लिए पोर्टल बंद होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर भोपाल और इंदौर जैसे बड़े शहरों में 14 किलो के गैस सिलेंडर की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिससे आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पोर्टल बंद होने से नए कनेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं और कई उपभोक्ता लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं।
स्थिति को गंभीर होते देख खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने राहत के तौर पर 5 किलो के नए LPG कनेक्शन देने का फैसला लिया है। यह कदम खासतौर पर उन उपभोक्ताओं के लिए राहत लेकर आया है जो लंबे समय से गैस कनेक्शन के लिए प्रयास कर रहे थे।
SMS अलर्ट से मिलेगी राहत: घर बैठे मिलेगा सिलेंडर, एजेंसी जाने की जरूरत नहीं
संकट को कम करने के लिए अब ऑयल कंपनियों ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत ग्राहकों को SMS के माध्यम से गैस बुकिंग की पुष्टि और डिलीवरी की तारीख की जानकारी दी जाएगी। इस संदेश में साफ तौर पर लिखा होगा कि उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं है, सिलेंडर सीधे उनके घर पहुंचाया जाएगा।
शनिवार को खाद्य विभाग की वरिष्ठ अधिकारी रश्मि शमी ने ऑयल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। बैठक में यह स्वीकार किया गया कि पोर्टल बंद होने के कारण कई शहरों में उपभोक्ता परेशान हैं। नई व्यवस्था का उद्देश्य भीड़ और अफरा-तफरी को रोकना है ताकि पैनिक की स्थिति न बने और गैस की सप्लाई सुचारू रूप से जारी रह सके।







