इंदौर। नए साल के पहले दिन खजराना गणेश मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ा। भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने के लिए भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अनुमान है कि 1 जनवरी को तीन लाख से अधिक श्रद्धालु खजराना मंदिर पहुंचेंगे। इस भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा, यातायात और दर्शन व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
सुबह से देर रात तक मंदिर परिसर भक्तों से गुलजार रहा। भीड़ को सुचारु रूप से नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए हैं। मंदिर आने वाले श्रद्धालु खजराना चौराहा से रिंग रोड होते हुए गणेशपुरी मार्ग से मंदिर पहुंच सकेंगे, जबकि वापसी के लिए पुराने खजराना मार्ग का उपयोग करना होगा।
मंदिर समिति के प्रबंधक ने बताया कि एक जनवरी के अवसर पर विशेष दर्शन व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु चलित दर्शन प्रणाली के माध्यम से भगवान गणेश के दर्शन कर सकेंगे। भक्तों की सुविधा के लिए चार अलग-अलग कतारें बनाई गई हैं, जिनमें बैरिकेडिंग की गई है ताकि दर्शन सुगम और सुरक्षित हो सकें।
नए साल के शुभ अवसर पर मंदिर के पट सुबह 5 बजे खोले गए और विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक-चौबंद रखा गया है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें।
खजराना गणेश मंदिर में नए साल की यह शुरुआत श्रद्धा, भक्ति और विश्वास के साथ होगी, जहां हर भक्त अपने आराध्य से सुख-समृद्धि की कामना करेगा।







