जबलपुर। शहर की जिला अदालत परिसर में सोमवार शाम अचानक हुए धमाके से हड़कंप मच गया। यह धमाका सीजेएम कोर्ट नंबर-2 के बाहर हुआ, जिसकी तेज आवाज सुनकर अदालत में मौजूद वकील और अन्य लोग घबरा गए और बाहर की ओर दौड़ पड़े। घटना के बाद कुछ देर के लिए कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक शाम करीब 5 से 5:15 बजे के बीच कोर्ट का अंतिम काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक सीजेएम कोर्ट नंबर-2 के पास तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग इसे गंभीर घटना मानते हुए तुरंत बाहर निकलने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से बम के अवशेष और माचिस बरामद की है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि धमाका पाइप बम के जरिए किया गया हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
राहत की बात यह रही कि इस धमाके में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। लेकिन अदालत जैसे संवेदनशील परिसर में हुए इस धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद जिला अधिवक्ता संघ ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे अदालत की सुरक्षा में बड़ी चूक बताया है। वकीलों का कहना है कि कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही के कारण ऐसी घटना संभव हुई है। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाके के पीछे किसका हाथ है।







