ग्वालियर में पुलिस ने एक ऐसे इंटरस्टेट चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो बॉलीवुड फिल्म बंटी और बबली की तर्ज पर लगातार वारदातों को अंजाम देता था। यह गैंग जिस इलाके को निशाना बनाता, वहां सीरियल तरीके से चोरी करता था। महाराजपुरा क्षेत्र में हुई 7 चोरियों का खुलासा हो चुका है, जबकि बहोड़ापुर की 3 वारदातों में भी अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का सरगना अरविंद रजक (32) बेहद शातिर है और कानपुर में भी करीब 15 चोरियों को अंजाम दे चुका है। वह 19 महीने जेल में रहने के बाद नवंबर 2025 में बाहर आया था और फिर से सक्रिय हो गया।
अरविंद का रहन-सहन आम आदमी जैसा दिखता है, लेकिन उसकी जिंदगी के पीछे की सच्चाई चौंकाने वाली है। वह कई बार अहमदाबाद तक फ्लाइट से यात्रा कर चुका है। इतना ही नहीं, पुलिस को जानकारी मिली है कि उसने अपनी पत्नी ज्योति (30) के साथ मिलकर डेढ़ महीने पहले KIA कंपनी की एक लग्जरी कार नकद में खरीदी है।
पुलिस को कार की तस्वीर भी मिली है, जिसकी जांच जारी है। खास बात यह है कि अरविंद खुद मोबाइल फोन नहीं रखता, जिससे उसे ट्रैक करना मुश्किल हो जाता है। हालांकि उसकी पत्नी के फोन में उत्तर प्रदेश के एक इंस्पेक्टर का “गुड मॉर्निंग” मैसेज मिला है, जिसने जांच को और पेचीदा बना दिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क और संभावित पुलिस कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।







