रीवा शहर में गुरुवार देर रात एक बार फिर हर्ष फायरिंग की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर निकाली जा रही कलश यात्रा के दौरान अचानक चली गोली से एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान कैमरामैन पवन सिंह के रूप में हुई है, जो यात्रा की फोटो और वीडियो शूटिंग कर रहा था। उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना सामान थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कलश यात्रा पचमठा आश्रम तक पहुंचने के बाद वापस लौट रही थी। इसी दौरान गुलाब नगर के पास अचानक फायरिंग शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इसी दौरान पवन सिंह को गोली लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही सामान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य के रूप में कैमरा और मेमोरी कार्ड जब्त कर लिया है, जिससे घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई और इसके पीछे क्या कारण था।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन पर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।







