रातभर जंगलों में चलती रही तलाश, सुबह खेत में मिला शव
कटनी जिले के रीठी क्षेत्र में चार साल पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खून का रूप ले लिया। पारधी समुदाय के एक युवक का पहले अपहरण किया गया और फिर धारदार हथियारों से उसकी हत्या कर शव को पहाड़ी के किनारे फेंक दिया गया। रातभर पुलिस जंगलों में युवक की तलाश करती रही, लेकिन गुरुवार सुबह उसका रक्तरंजित शव खेत में मिला।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2022 में कुठला थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव में पारधी समुदाय के बीच हुए विवाद में बूढ़ा ललितपुर के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। उस घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच गहरी दुश्मनी चली आ रही थी। बताया जाता है कि उस समय मृतक की पत्नी ने बदला लेने की बात भी कही थी।
बुधवार शाम करीब 30 वर्षीय उन्हत्तर पारधी अपनी पत्नी के साथ पटेहरा से ऑटो में लौट रहा था। जैसे ही उनका ऑटो इमलिया मोड़ के पास पहुंचा, तभी चार युवक अचानक वहां पहुंचे और उसे ऑटो से उतारकर मारपीट करते हुए मोटरसाइकिल पर जबरन अपने साथ ले गए। पत्नी किसी तरह पैदल अपने डेरे बिरूहली पहुंची और समुदाय के लोगों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद रात में डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
अपहरण की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी मो. शाहिद और कुठला थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और संभावित क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान शुरू किया। दोनों थानों की पुलिस ने बूढ़ा, ललितपुर और सुगवां क्षेत्र के जंगलों में पूरी रात युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया गया और खोजी अभियान तेज किया गया। करीब सुबह 10 बजे पुलिस को बूढ़ा ललितपुर गांव से दूर पहाड़ी के किनारे एक खेत में युवक का रक्तरंजित शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई है।
पुलिस ने खोजी श्वान और फोरेंसिक टीम की मदद से मौके की जांच कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें जंगलों और डेरों में लगातार दबिश दे रही हैं।







