देवास। अंचल के कांटाफोड़ थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब गणेश मंदिर चोरी कांड के दो आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गए। बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे थाने से भागे आरोपियों की खबर लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई पुलिस टीमें गठित कर इंदौर रोड, बिजवाड़ रोड, खातेगांव मार्ग सहित आसपास के जंगलों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन गुरुवार सुबह तक भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार कांटाफोड़-बिजवाड़ मार्ग स्थित गोविंद नगर क्षेत्र के गणेश मंदिर में कुछ माह पूर्व भगवान के आभूषण और नकदी चोरी की गई थी। इसी मामले में पुलिस ने नंदलाल और रोहित, दोनों निवासी ग्राम जानसूर जिला देवास, को आरोपी मानते हुए इंदौर से गिरफ्तार कर कांटाफोड़ थाने लाया था। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी किसी अन्य आपराधिक प्रकरण में इंदौर जेल में बंद थे और हाल ही में जमानत पर रिहा हुए थे।
पुलिस सूत्रों की मानें तो थाने में पूछताछ के दौरान दोनों ने किसी तरह पुलिस को चकमा दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना के बाद थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस पूरे मामले पर कांटाफोड़ थाना प्रभारी सुरेखा निमोदा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल सूचना दे दी गई है। चोरी के प्रकरण में दोनों आरोपी संदेही थे और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
फिलहाल, आरोपियों के थाने से भागने की घटना ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन की चिंता भी बढ़ा दी है।







