रतलाम।
शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जान पर भारी पड़ते-पड़ते रह गया। गुरुवार दोपहर कस्तूरबा नगर क्षेत्र में एक बुजुर्ग व्यक्ति उस वक्त मौत के मुंह से लौट आए, जब तेज धार वाला चाइनीज मांझा अचानक उनके गले में आकर फंस गया। पलभर में हालात इतने भयावह हो गए कि बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई और बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नेमीनाथ विहार निवासी 60 वर्षीय इंदर पुत्र जमुनालाल शर्मा अपनी बाइक से राम मंदिर क्षेत्र से कस्तूरबा नगर मेन रोड होते हुए फर्नीचर की दुकान जा रहे थे। तभी हवा में लटकता चाइनीज मांझा सीधे उनके गले में उलझ गया। खतरे को भांपते हुए इंदर शर्मा ने तुरंत अपने दाहिने हाथ से मांझा पकड़कर हटाने की कोशिश की। इसी दौरान धारदार डोर ने उनके अंगूठे, नाक, गाल और आंख के नीचे गहरे जख्म कर दिए। नाक और आंख के नीचे करीब दो सेंटीमीटर तक कट लग गया।
अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक डिवाइडर से टकरा गई और वे सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। राहगीरों और परिचितों ने तुरंत घायल बुजुर्ग को 80 फीट रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने घावों पर 4 से 5 टांके लगाए। चिकित्सकों के अनुसार चोटें गंभीर थीं, लेकिन समय पर इलाज से स्थिति नियंत्रण में है।
इंदर शर्मा ने अस्पताल में बताया कि यदि वे समय रहते मांझा हाथ से नहीं हटाते, तो उनका गला कट सकता था और जान जा सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर शहर में चाइनीज मांझे के खुलेआम इस्तेमाल और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शहरवासियों में इस घटना के बाद डर और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है, वहीं लोग प्रतिबंध के बावजूद बिक रहे चाइनीज मांझे पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।







