रतलाम। गुरुवार की सुबह इंदौर–रतलाम फोरलेन पर एक पल की चूक ने एक युवा जिंदगी छीन ली। हल्के कोहरे के बीच दूध की दुकान खोलने निकला 20 वर्षीय युवक अपनी ई-बाइक स्कूटी सहित सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट पहने होने के बावजूद युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह दर्दनाक हादसा सुबह करीब 7.40 बजे धराड़ पुल के आगे, पुलिस चौकी से कुछ पहले हुआ। मृतक की पहचान हर्ष उर्फ बब्बू पुत्र चैनसिंह गुर्जर, निवासी डोंगरेधाम कॉलोनी के रूप में हुई है। हर्ष रोज की तरह अपनी ई-बाइक स्कूटी से बिलपांक स्थित दूध की दुकान जा रहा था, जहां वह अपने बड़े भाई राहुल के साथ दूध का व्यवसाय करता था।
प्रत्यक्ष परिस्थितियों से सामने आया है कि फोरलेन के ले-बाय से सटकर एक ट्रक खड़ा था, जिसमें टेंट का सामान लदा हुआ था। ट्रक के पीछे बड़े डोम के लोहे के एंगल बाहर की ओर निकले हुए थे, लेकिन न तो रेडियम रिफ्लेक्टर लगे थे और न ही कोई चेतावनी संकेत। कोहरे के कारण ट्रक दूर से नजर नहीं आया और पास पहुंचते ही हर्ष संभल नहीं सका।
स्कूटी सीधे ट्रक के पिछले कोने से टकरा गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हर्ष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बिलपांक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एम्बुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बिलपांक थाना प्रभारी अयुब खान ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। चालक मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में चालू मार्ग के किनारे बिना सुरक्षा संकेत के ट्रक खड़ा करना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







