ग्वालियर में सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह करीब 10 बजे शिवपुरी लिंक रोड से शीतला माता मार्ग स्थित ग्राम बेला पहुंचेंगे, जहां प्रस्तावित आवासीय ऋषि गालव विश्वविद्यालय का भूमिपूजन करेंगे।
यह विश्वविद्यालय मध्यभारत शिक्षा समिति द्वारा 55 बीघा भूमि पर लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। इस अवसर पर सुरेश सोनी, इन्दर सिंह परमार, तुलसीराम सिलावट, अशोक पांडेय और डॉ. राजेंद्र बांदिल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
मेला मैदान में पशुपालकों के सम्मेलन में होंगे शामिल
भूमिपूजन के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे ग्वालियर के मेला मैदान पहुंचेंगे, जहां वे राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान वे वृंदावन ग्राम थीम पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और पशुपालकों एवं दुग्ध उत्पादकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभ वितरित करेंगे। यह आयोजन प्रदेश में पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







