नई दिल्ली में सोमवार को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीरें मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री से मिलकर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को प्रदेश में चल रहे किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों, विभिन्न गतिविधियों और राज्य की विकास यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में कई विभागों को साथ लेकर व्यापक स्तर पर काम कर रही है, जिससे कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों को मजबूती मिल रही है।
पीएम के चार वर्गों के विजन पर काम कर रही प्रदेश सरकार
संसद भवन परिसर में मध्य प्रदेश के सांसद शंकर लालवानी (इंदौर), राहुल सिंह लोधी (दमोह), आशीष दुबे (जबलपुर) और डॉ. राजेश मिश्रा (सीधी) के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बताए गए चार प्रमुख वर्ग किसान, महिला, गरीब और युवा के कल्याण के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष को व्यापक रूप से मनाया जा रहा है। इसके तहत करीब 16 विभागों जैसे पशुपालन, मत्स्य पालन, बागवानी और कृषि विभाग को जोड़कर योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए आगे बढ़ने के लिए आशीर्वाद दिया है और उन्हें विश्वास है कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम भविष्य में देखने को मिलेंगे।







