ओंकारेश्वर की कोठी हेलीपैड क्षेत्र स्थित नहर में एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। निर्माणाधीन ओंकारेश्वर-मोरटक्का सड़क परियोजना में काम करने वाले तीन मजदूर नहाने के लिए नहर में उतरे, लेकिन वापस नहीं लौट सके। देखते ही देखते नहर की गहराई उनके लिए मौत का कारण बन गई।
सहकर्मियों के मुताबिक, सुनील साहू, भगवानदास साहू और अनिकेत यादव 10 जून की शाम स्नान करने गए थे। रातभर कैंप नहीं लौटने पर साथियों को चिंता हुई और तलाश शुरू की गई। नहर किनारे उनके कपड़े और सामान मिले तो अनहोनी की आशंका गहरा गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घंटों की मशक्कत के बाद तीनों युवकों के शव नहर से बरामद किए गए। हादसे के बाद पूरे श्रमिक कैंप में मातम पसरा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। एक पल की लापरवाही ने तीन जिंदगियां निगल लीं और कई परिवारों को कभी न भरने वाला दर्द दे दिया।







