शुक्रवार देर रात ईरान का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान के इस्लामाबाद पहुंचा, जिसकी अगुआई ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ कर रहे हैं। इस दौरे को अमेरिका के साथ संभावित शांति वार्ता की दिशा में एक अहम कूटनीतिक कदम माना जा रहा है। इस्लामाबाद पहुंचने के बाद गालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें विमान की सीटों पर चार बच्चों की तस्वीरें, स्कूल बैग और फूल रखे दिखाई दिए।
मिनाब स्कूल हमले पर विवाद और अंतरराष्ट्रीय आरोप
ईरानी शहर मिनाब में 28 फरवरी को एक प्राथमिक विद्यालय पर हुए हमले को लेकर गंभीर विवाद खड़ा हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले के पहले ही दिन हुई घटना में 168 लोगों की मौत हुई, जिनमें बच्चे और स्कूल स्टाफ शामिल थे। ईरान ने इस हमले के लिए अमेरिका और इजराइल पर आरोप लगाए हैं, हालांकि दोनों देशों की ओर से इसे खारिज करते हुए कहा गया है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों का सत्यापन जरूरी है।







