मध्य प्रदेश के दतिया से एक ऐसी खौफनाक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने कानून व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। बसई थाना क्षेत्र में एक 17 साल की मासूम नाबालिग लड़की को अकेला पाकर एक दरिंदे ने न सिर्फ उसके साथ दो बार दुष्कर्म किया, बल्किवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
यह पूरी घटना दो महीने पहले शुरू हुई थी, जब पीड़ित किशोरी दोपहर के वक्त अपने खेत पर जा रही थी। तभी रास्ते में घात लगाए बैठे आरोपी वीरू अहिरवार ने उसे पीछे से दबोच लिया। उसका मुंह दबाकर पास की झाड़ियों में ले गया और जबरन अपनी हवस का शिकार बनाया। जब मासूम ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे और उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। लोक-लाज और डर के मारे वो मासूम घुटती रही, रोती रही, लेकिन यह बात किसी को नहीं बता सकी।
आरोपी की हिम्मत यहीं नहीं रुकी। बीती 18 मई को उसने उसी रास्ते पर नाबालिग को फिर से रोका और इस बार फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दोबारा इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। लेकिन इस बार उस बहादुर बेटी ने हिम्मत नहीं हारी। उसने घर पहुंचकर रोते हुए अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पूरा परिवार थाने पहुंचा।
नाबालिग की शिकायत पर बसई थाना पुलिस ने गुरुवार देर रात आरोपी वीरू अहिरवार के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और ब्लैकमेलिंग जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। ऐसे समाज कंटकों और दरिंदों को ऐसी सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, जिससे दोबारा कोई किसी बेटी की तरफ आंख उठाने की जुर्रत न कर सके।







