मृतकों के परिजनों के लिए 5 लाख मुआवजे की मांग, बढ़ी हलचल
भागीरथपुरा कांड को लेकर प्रदेश की सियासत लगातार गरमाती जा रही है। एक ओर जहां मौतों के बाद इलाके में जनाक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है, वहीं विपक्ष सरकार को कटघरे में खड़ा कर लगातार हमलावर है। इस बढ़ते दबाव के बीच अब भाजपा भी डैमेज कंट्रोल की कवायद में जुटती नजर आ रही है।
इसी क्रम में मंत्री पुत्र और पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर बड़ा आग्रह किया है। पत्र में उन्होंने भागीरथपुरा हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को दी जाने वाली आर्थिक सहायता राशि को बढ़ाकर 5 लाख रुपए करने की मांग की है। आकाश विजयवर्गीय ने पत्र में संवेदनशीलता दिखाते हुए लिखा कि पीड़ित परिवारों को सम्मानजनक सहायता मिलना बेहद जरूरी है, ताकि उनके आक्रोश को कुछ हद तक शांत किया जा सके।
गौरतलब है कि इससे पहले जब जनप्रतिनिधि मुआवजे के चेक लेकर पीड़ित परिवारों के पास पहुंचे थे, तब परिजनों ने असंतोष जताते हुए उन्हें लौटने पर मजबूर कर दिया था। यह घटनाक्रम सरकार के लिए असहज स्थिति का संकेत माना गया।
अब सवाल यह है कि मंत्री पुत्र के इस पत्र के बाद मुख्यमंत्री कब तक राहत राशि बढ़ाने का फैसला लेते हैं और क्या यह कदम भागीरथपुरा में फैले गुस्से को कम कर पाएगा। फिलहाल, पूरे प्रदेश की नजरें मुख्यमंत्री के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।







