इंदौर के राजकुमार ब्रिज के पास आज उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज़ रफ्तार बस ने एक्टिवा सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में संतोष नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक एक्टिवा समेत बस के नीचे जा फंसा।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बस के नीचे फंसे युवक को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई…
युवक को बाहर निकालने के कुछ ही पलों बाद बस के इंजन हिस्से से अचानक चिंगारी उठी और देखते ही देखते पूरी बस आग का गोला बन गई। आग इतनी भीषण थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और इलाके में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि यह बस सांवेर से इंदौर की ओर आ रही थी और खास बात यह है कि बस **विधायक गोलू शुक्ला** की बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही तुकोगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल घायल युवक का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है। राजकुमार ब्रिज पर हुआ यह हादसा कई सवाल खड़े कर गया है क्या यह सिर्फ एक सड़क दुर्घटना थी, या इसके पीछे कोई और राज छिपा है? तुकोगंज पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।







