इंदौर जिले के महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र स्थित बेरछा जंगल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार शाम एक कॉलेज छात्रा के साथ दो अज्ञात बदमाशों ने दुष्कर्म किया। वारदात के दौरान आरोपियों ने छात्रा के साथ आए उसके दोस्त को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर मौके से भगा दिया।
जानकारी के अनुसार, इंदौर के एक कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा अपने दोस्त के साथ मंगलवार दोपहर बेरछा क्षेत्र स्थित लगनचा मंदिर दर्शन के लिए पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों पास के जंगल में एक सुनसान स्थान पर बैठ गए। इसी दौरान पीछे से आए दो बदमाशों ने अचानक हमला कर दिया।
दोनों आरोपियों ने पहले छात्रा के दोस्त को लाठियों से पीटकर वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद उन्होंने छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घायल युवक किसी तरह जंगल से बाहर निकला और तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़गोंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने लेकर आई। इसके बाद छात्रा और युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में युवक के गर्दन और हाथों पर चोट के निशान मिले हैं, वहीं छात्रा के चेहरे और गर्दन पर खरोंचें पाई गई हैं, जो उसके संघर्ष को दर्शाती हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।







