कलेक्टर–आयुक्त ने किया क्षेत्र निरीक्षण, दूषित जल पर नियंत्रण के निर्देश
भागीरथपुरा क्षेत्र में पेयजल एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। कलेक्टर शिवम वर्मा एवं निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने आज सुबह क्षेत्र का दौरा कर चल रहे राहत एवं सुधार कार्यों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि भागीरथपुरा में प्रशासन की निगरानी में रिंग सर्वे लगातार जारी है। क्षेत्र से नियमित रूप से पानी के सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं तथा उनकी सतत मॉनीटरिंग की जा रही है। जिला एवं नगर निगम प्रशासन की टीम नागरिकों को पानी उबालकर और छानकर पीने की समझाइश दे रही है। साथ ही किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाव के लिए टैंकरों के माध्यम से लगातार स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रभावित नागरिकों के उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा क्षेत्र में दवाइयों का वितरण किया जा रहा है तथा नागरिकों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने निरीक्षण के दौरान पेयजल टैंकरों के माध्यम से किए जा रहे जल वितरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने पाइपलाइन लीकेज सुधार कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश देते हुए समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। इसके साथ ही निगम द्वारा गठित 32 बीट के माध्यम से भागीरथपुरा के प्रत्येक क्षेत्र में दूषित जल पर नियंत्रण, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति और व्यापक सफाई अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
जिला प्रशासन, नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर स्थिति को सामान्य करने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रही है।







