मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ऐशबाग थाना क्षेत्र के सुदामा नगर में एक बंद मकान से रिटायर्ड दंपती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतकों की पहचान 64 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 62 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। हेमंत बारीक रेलवे विभाग से रिटायर्ड थे, जबकि उनकी पत्नी शकुंतला बारीक कस्तूरबा अस्पताल में नर्स के पद से सेवानिवृत्त हुई थीं।
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से दोनों घर से बाहर नहीं निकले थे। इसी बीच मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। नीचे रहने वाले किराएदार छात्रों को जब कुछ अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा तोड़कर पुलिस घर के भीतर पहुंची, जहां दोनों पति-पत्नी मृत अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। बताया गया है कि दंपती का बेटा विदेश में रहता है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। इस घटना ने एक बार फिर अकेले रह रहे बुजुर्गों की सुरक्षा और नियमित देखभाल की जरूरत पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







