गुना जिले के म्याना कस्बे से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। जिस मकान से रविवार को एक बुजुर्ग का शव मिला था, उसी मकान के पास सोमवार को दो और सड़ी-गली लाशें मिलने से सनसनी फैल गई है। अब महज 48 घंटे के भीतर एक ही परिसर से तीन शव मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मामला म्याना के हनुमान मंदिर के पास स्थित एक मकान का है। रविवार सुबह लोगों को घर से तेज दुर्गंध आने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंद दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। कमरे के भीतर 60 वर्षीय ओमप्रकाश शर्मा का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा मिला। घर के बाहर ताला लगा होने के कारण मामला शुरू से ही संदिग्ध नजर आ रहा था।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। सोमवार को पुलिस और स्थानीय लोगों को उसी परिसर के दूसरे बंद कमरे से फिर तेज बदबू महसूस हुई। जब कमरे की तलाशी ली गई तो अंदर एक महिला और एक पुरुष के शव बरामद हुए। दोनों शव काफी पुराने और सड़ी-गली अवस्था में थे। फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
लगातार तीन शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे साधारण घटना मानने को तैयार नहीं हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन मौतों के पीछे कोई आपराधिक साजिश है या फिर कोई और रहस्य छिपा हुआ है।
फिलहाल तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। लेकिन एक सवाल अब भी बरकरार है आखिर इस बंद मकान में लगातार तीन लोगों की मौत कैसे हुई? जवाब का इंतजार पूरे इलाके को है।







