मध्यप्रदेश में आज से शुरू हुआ है देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का पांच दिवसीय दौरा। इंदौर पहुंचते ही उनका भव्य स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति का अभिनंदन किया। यह दौरा धार्मिक आस्था, जनकल्याण और विकास के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों से जुड़ा हुआ है।
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। आगमन के बाद राष्ट्रपति सीधे ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुईं, जहां उन्होंने भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और पूजन का कार्यक्रम तय किया है।
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए इंदौर और ओंकारेश्वर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे रूट पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
इस पांच दिवसीय प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू प्रदेश के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वे सामाजिक विकास, जनजातीय कल्याण, स्वास्थ्य जागरूकता और शिक्षा से जुड़े आयोजनों में भी सहभागिता करेंगी। उनके दौरे को प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इधर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में वीर हनुमान मंदिर स्थित ऐतिहासिक बावड़ी का अवलोकन किया और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।
धार्मिक आस्था, विकास और जनसेवा के संदेश के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का मध्यप्रदेश दौरा शुरू हो चुका है। अब पूरे प्रदेश की नजरें उनके आगामी कार्यक्रमों और महत्वपूर्ण संदेशों पर टिकी हैं।







