भोपाल में बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी आवास में हुई चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मऊगंज से विधायक प्रदीप पटेल के सरकारी रेस्ट हाउस स्थित कमरे में चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, पेन ड्राइव और कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक विधायक के पीए डॉ. रामानंद पटेल 7 जून को मऊगंज से भोपाल पहुंचे थे और अरेरा हिल्स क्षेत्र स्थित रेस्ट हाउस के खंड-3 के कमरा नंबर 74 में ठहरे हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। जांच अधिकारियों को आशंका है कि चोरी में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, क्योंकि चोर सीधे उन सामानों तक पहुंचे जो महत्वपूर्ण और मूल्यवान थे। फिलहाल अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर विधायक के सरकारी आवास तक चोर कैसे पहुंचे और क्या इस वारदात के पीछे कोई करीबी या अंदर का व्यक्ति शामिल है? पुलिस इसी एंगल से जांच को आगे बढ़ा रही है।







