जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक पटाखा गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा इलाका धमाकों की आवाज से गूंज उठा। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे सहित सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी भयंकर थी कि कई लोग जलने के बाद सड़क पर तड़पते रहे और मदद के लिए पुकार लगाते रहे। दमकल और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक कई जिंदगियां बुझ चुकी थीं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह गोदाम रिहायशी इलाके में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। शुरुआती जांच में ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एक बार फिर यह हादसा सवाल खड़े कर रहा है कि आखिर आबादी के बीच ऐसे खतरनाक और अवैध गोदाम कैसे संचालित होते रहे। सात मौतों के बाद अब जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।







