मध्य प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा चुनाव को लेकर बड़ा सियासी भूचाल आ गया है। कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग ऑफिसर ने खारिज कर दिया है। भाजपा की आपत्ति के बाद यह फैसला लिया गया। आरोप है कि मीनाक्षी नटराजन ने तेलंगाना की हैदराबाद कोर्ट में लंबित मामले की जानकारी अपने नामांकन पत्र में नहीं दी।
हालांकि कांग्रेस ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार का कहना है कि मीनाक्षी नटराजन के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और उन्हें केवल एक नोटिस प्राप्त हुआ था। नामांकन जांच के दौरान विधानसभा परिसर में जमकर हंगामा भी देखने को मिला। कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच तीखी बहस हुई, जबकि कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे और विक्रांत भूरिया ने रिटर्निंग ऑफिसर के कक्ष तक पहुंचने की कोशिश की, जिसे सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया।
इधर राजनीतिक उठापटक के बीच कांग्रेस ने अपने विधायकों को बेंगलुरु शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। चार्टर्ड विमान से 38 विधायक और अन्य नेताओं सहित कुल 75 लोग बेंगलुरु रवाना हुए, जबकि बाकी विधायक दूसरी फ्लाइट से भेजे जा रहे हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले बढ़ती सियासी हलचल ने प्रदेश की राजनीति को और गरमा दिया है।







