इंदौर के चर्चित नवीन पाटीदार हत्याकांड में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है जिसने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है। राऊ पुलिस के हत्थे चढ़ा राहुल मराठा कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि चार हत्याओं में शामिल रह चुका कुख्यात बदमाश है, जिसे अपराध जगत में ‘डॉन’ के नाम से जाना जाता था। 12 अप्रैल को नवीन पाटीदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत में मामला हादसे जैसा लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन जांच ने हत्या की साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश थी। पूछताछ में राहुल मराठा ने खुलासा किया कि उज्जैन निवासी राजू खटीक ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए नवीन पाटीदार की सुपारी दी थी। इस खौफनाक साजिश के लिए 15 लाख रुपए की डील हुई थी, जिसमें से 5 लाख रुपए राहुल को पहले ही दिए जा चुके थे। पुलिस ने राहुल मराठा को मुंबई से गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथी शुभम और राजू खटीक भी पुलिस गिरफ्त में हैं। अब पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।







