खंडवा जिले के मुंदवाड़ा ग्राम पंचायत के बड़ियातुला गांव में शुक्रवार देर रात उस समय तनाव फैल गया, जब सड़क किनारे पॉलिथीन में भरे गोवंश के सिर और पैर फेंके जाने की सूचना मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार कुछ लोग अवशेष फेंक रहे थे, तभी पड़ोसी गांव के हिंदू युवा मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर हंगामा शुरू हो गया। गुस्साए युवाओं ने पुलिस की मौजूदगी में कुछ वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही सीएसपी अभिनव बारंगे और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल से गोवंश का मांस और आरोपियों की एक बाइक जब्त कर जांच शुरू कर दी है। संवेदनशील माहौल को देखते हुए मोघट रोड थाना और रामेश्वर चौकी का अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।







