देशभर में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। 15 से अधिक राज्यों में प्री-मानसून बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 17 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। राजधानी पटना में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा, जहां 4 फ्लाइट डायवर्ट करनी पड़ीं और 18 उड़ानें देरी से संचालित हुईं, जिससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
वहीं उत्तर प्रदेश में तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई है। बीते 24 घंटे में 31 लोगों की जान चली गई। सहारनपुर में पहाड़ी इलाकों से आए तेज बहाव ने कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें इनोवा और ट्रैक्टर समेत करीब 10 गाड़ियां बह गईं। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। दूसरी ओर राजस्थान में 30 जिलों में आंधी के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। पंजाब के पठानकोट में सुबह ओले गिरे, जबकि मोहाली में तेज बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।







