कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव हो गया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है और अब राज्य की कमान डिप्टी मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार संभालेंगे। शुक्रवार को बेंगलुरु पहुंचे राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने सिद्धारमैया का इस्तीफा स्वीकार करते हुए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी।
हालांकि नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण तक सिद्धारमैया कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाते रहेंगे। इस्तीफा देने के बाद सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। सिद्धारमैया ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से चर्चा की, जबकि बाद में वे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने पहुंचे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार डीके शिवकुमार अगले सप्ताह मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इसके साथ ही कांग्रेस सरकार में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए चार डिप्टी मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी चर्चा तेज हो गई है।
कर्नाटक में यह नेतृत्व परिवर्तन कांग्रेस की रणनीतिक राजनीतिक चाल माना जा रहा है। अब सबकी नजर नए मंत्रिमंडल और डीके शिवकुमार की पहली राजनीतिक प्राथमिकताओं पर टिकी हुई है। सवाल यह भी है कि क्या नया नेतृत्व राज्य की राजनीति में कांग्रेस को और मजबूती देगा या फिर नई चुनौतियां सामने आएंगी।







