देश के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल रहा है। बिहार में शुक्रवार सुबह कई जिलों में दिन निकलते ही अंधेरा छा गया। पटना, खगड़िया, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर और छपरा समेत करीब 20 जिलों में तेज बारिश हुई। काले बादलों के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को दिन में ही लाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
मौसम विभाग ने बिहार में अगले तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की चेतावनी जारी की है। बारिश और आंधी से जुड़ी घटनाओं में अब तक पांच लोगों की जान जा चुकी है।
वहीं उत्तर प्रदेश में भी मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और चंदौली में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। हमीरपुर में तूफान के चलते निर्माणाधीन पुल गिर गया, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। लखनऊ रेलवे स्टेशन पर टिन शेड गिरने से दो लोग घायल हो गए।
मध्य प्रदेश में मौसम का दोहरा असर देखने को मिलेगा। ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में दिन के समय भीषण गर्मी और हीटवेव का असर रहेगा, जबकि शाम होते-होते आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। राजस्थान के भी 12 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम के इस बदले मिजाज ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।







